जिला ऊना की उपतहसील जोल में विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य पर इस वर्ष भी परंपरागत रूप से विशाल भंडारे का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। भोर होते ही क्षेत्र के लोग अपने-अपने कार्यस्थलों की पूजा-अर्चना में व्यस्त दिखाई दिए। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय निवासी, व्यापारी वर्ग, टैक्सी चालक तथा कामगार वर्ग के लोग जोल बाजार में आयोजित भंडारे में शामिल हुए और भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया। इस विशाल आयोजन में जोल क्षेत्र के स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और टैक्सी चालकों ने विशेष सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने बताया कि जोल में यह भंडारा वर्षों से चली आ रही धार्मिक और सामाजिक परंपरा का प्रतीक है।