अखिल भारतीय बॉलीबॉल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों, लंबित योजनाओं और मौजूदा हालात पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके कार्य काल में केंद्र सरकार के सहयोग से कुटलैहड़ क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ, लेकिन पिछले तीन वर्षों में स्थिति बदल गई है और क्षेत्र एक बार फिर पिछड़ेपन की ओर बढ़ रहा है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हाल ही में ऊना में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कुटलैहड़ क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याओं को गंभीरता से उठाया और संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि दिशा बैठक में उठाए गए मुद्दे कुटलैहड़ के भविष्य से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। पूर्व मंत्री ने बताया कि दिशा बैठक में 972 करोड़ रुपये की लागत से लठियाणी,मंदली सड़क परियोजना के कार्य को शुरू करने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कुटलैहड़ क्षेत्र के लिए रीढ़ साबित होगी। इस सड़क के बनने से न केवल आवागमनआसान होगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, कृषि और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि यह परियोजना वर्षों से लोगों की मांग रही है, जिसे अब धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।