हिमाचल प्रदेश के पूर्व पंचायतीराज मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में मीडिया से रूबरू होते हुए बड़ा दावा किया कि इस वर्ष दिसंबर में प्रस्तावित पंचायत चुनाव अब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार पंचायतीराज चुनावों में संभावित हार के डर से चुनावों को एक वर्ष तक टालने की तैयारी में है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि परंपरागत रूप से हर चुनावी वर्ष में 25 सितंबर तक पंचायतों का रोस्टर जारी हो जाता था, लेकिन इस बार आधा अक्तूबर बीतने के बावजूद न तो रोस्टर जारी हुआ है और न ही चुनावी लिस्ट सरकार के दफ्तरों तक पहुंची है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अभी तक चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत ही नहीं हुई, तो दिसंबर में चुनाव कराना संभव ही नहीं है। पूर्व मंत्री ने कहा कि पंचायती राज विभाग और राज्य चुनाव आयोग दोनों ही इस बार असमंजस में हैं, क्योंकि सरकार की ओर से कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं। कंवर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जानबूझकर आपदा का बहाना बना रही है, जबकि पंचायत चुनाव आयोजित करने के लिए राज्य की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। कंवर ने कहा कि सुक्खू सरकार जनता के मूड को अच्छी तरह समझ चुकी है।