26 जून. जिला स्तरीय तीन दिवसीय ऐतिहासिक पिपलू मेला शुक्रवार को संपन्न हो गया। 24 से 26 जून तक आयोजित मेले में ऊना सहित विभिन्न जिलों तथा पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री नरसिंह नारायण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं व अन्य आयोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। तीन दिनों तक मेले में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोग के सदस्य विजय डोगरा भी उनके साथ रहे। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समापन समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली गायक ईशांत भारद्वाज, मोहित गर्ग तथा स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देशराज मौदगिल, मेला समिति के अध्यक्ष एसडीएम सोनू गोयल, तहसीलदार अमित शर्मा, बीडीओ केएल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।