भरवाईं-मुबारकपुर रोड पर सोमवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। चिंतपूर्णी की तरफ आ रही एक कार किन्नू गांव में अचानक सड़क किनारे बनी किराना की दुकान में जा घुसी। हादसा रात करीब 11:00 बजे हुआ। हादसे के समय सड़क पर आवागमन कम था, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। दुकान मालिक संजीव कुमार ने बताया कि कार के सीधे टक्कर मारने से उनकी दुकान के अंदर रखा सारा सामान बिखर गया और साथ ही दुकान में लगाया गया वाटर कूलर भी बुरी तरह टूट गया। संजीव कुमार के अनुसार इस हादसे में दुकान को लगभग दो लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। कार चालक धलवाड़ी गांव का रहने वाला है। हादसे के समय वह कार में अकेला सवार था। गनीमत यह रही कि उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया। हालांकि, कार को गंभीर क्षति पहुंची है। दोनों पक्षों के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर बातचीत भी चल रही है। इस दौरान मौके पर अपर लोहारा पंचायत की प्रधान संगीता वाला भी पहुंचीं। फिलहाल इस मामले को आपसी समझौते से निपटाने की बात सामने आ रही है।