टक्का रोड पर गैस एजेंसी संचालक नरेश के घर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के अंदर मोटर के ऊपर एक खतरनाक कोबरा सांप छिपा मिला। अचानक सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि समय रहते सांप पर नजर पड़ गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। परिवार के सदस्यों ने जैसे ही मोटर के ऊपर बैठे सांप को देखा, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्नेक कैचर जतिंदर को दी। सूचना मिलते ही जतिंदर मौके पर पहुंचे और सावधानी के साथ कोबरा को रेस्क्यू करने की प्रक्रिया शुरू की। मोटर के ऊपर छिपे होने के कारण सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना आसान नहीं था। स्नेक कैचर ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद कोबरा को काबू में कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से वहां से हटा दिया गया। कोबरा के पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। घर के आसपास सांप मिलने से परिवार के सदस्यों में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा। हालांकि समय रहते सांप का पता चल जाने से किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। स्नेक कैचर जतिंदर ने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। सांप को खुद पकड़ने या मारने का प्रयास भी नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित स्नेक कैचर या संबंधित विभाग को सूचना देनी चाहिए, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।