सावन माह के दौरान सोमवार सुबह ऊना जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से छाए घने बादलों के बीच हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण शहर की कई सड़कें पानी से तर-बतर हो गईं। बाजारों में लोगों ने छातों का सहारा लिया, जबकि वाहन चालकों को फिसलन और जलभराव के बीच सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। कुछ स्थानों पर सड़क किनारे पानी जमा होने से यातायात भी कुछ समय के लिए धीमा रहा। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। किसानों ने इसे खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया और कहा कि यह बारिश खेती के लिए फायदेमंद साबित होगी। मौसम विभाग के अनुसार ऊना सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के पास नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की है।