ऊना-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर बडूही के समीप गांव दिलबाँ में डीएसपी अजय ठाकुर ने पुलि स टीम के साथ स्वयं नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान हर आने-जाने वाली गाड़ी को रोककर कागजातों की गहन जांच की गई। डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोजाना किसी न किसी स्थान पर नाकाबंदी की जा रही है। जांच के दौरान बिना वैध कागजात और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। डीएसपी अजय ठाकुर ने आम जनता से अपील की कि इन दिनों घना कोहरा पड़ रहा है, ऐसे में बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। यदि निकलना आवश्यक हो तो पूरी सावधानी बरतें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।