ऊना जिले के गांव नारी स्थित डेरा बाबा रुद्रानंद के संस्थापक वेदांताचार्य 1008 स्वामी श्री श्री सुग्रीवानंद महाराज की सांसारिक यात्रा पूर्ण होने पर श्रद्धांजलि स्वरूप व्यापार मंडल ऊना के आह्वान पर ऊना बाजार पूरी तरह बंद रखा गया। उनके निधन की खबर से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। महंत सुग्रीवानंद महाराज अपने आध्यात्मिक प्रवचनों और समाज सेवा के लिए प्रसिद्ध थे। उनके अनुयायियों और श्रद्धालुओं के बीच वे विशेष सम्मानित स्थान रखते थे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश ने बताया कि महंत जी के आध्यात्मिक योगदान और समाज कल्याण के प्रति उनकी निष्ठा को सम्मान देते हुए यह निर्णय लिया गया। बाजार बंदी के दौरान व्यापारियों ने महंत जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी शिक्षाओं को याद किया। स्थानीय मंदिरों और आश्रमों में भी उनके लिए विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। शहरवासियों ने महंत सुग्रीवानंद महाराज के दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके द्वारा दिखाए गए धर्म और सेवा मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।