चिंतपूर्णी में शुरू होने वाले श्रावण अष्टमी मेले के दौरान लगने वाले लंगर अब सारा दिन नहीं लगा करेंगे। बुधवार को बाबा श्री माईदास सदन में हुई बैठक में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने एसडीएम अम्ब सचिन शर्मा से विचार विमर्श करने के बाद ये निर्णय लिया है। जिसके चलते अब श्रावण मेलों में लंगर संस्थाए दिन में सिर्फ सुबह दोपहर और रात को तीन तीन घंटे ही लंगर लगा सकेंगी और ये आदेश सिर्फ भरवाईं से चिंतपूर्णी के बीच लगने वाले लंगरों पर ही रहेगा। विधायक बबलू ने बताया कि ये निर्णय इसलिए लिया गया है कि भरवाईं से चिंतपूर्णी को जाने वाली सड़क पर इन मेलों के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ रहती है और लंगर वाली जगह पर सबसे ज्यादा भीड़ होती है। उन्होंने बताया कि समय के अनुसार लंगर लगने से लंगर संस्थाओं को लंगर वाली जगह पर सफाई करने का मौका भी मिल जाएगा और स्थानीय ढाबा मालिकों का व्यवसाय भी प्रभावित नहीं होगा। इसके विधायक ने एसडीएम को आदेश दिए कि लंगर संस्थाओं की लंगर परमिशन अम्ब न देकर भरवाईं में दी जाए। इसके अलावा उन्होंने मौके पर आए लोगों की जनसंमस्याएं भी सुनी।