चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की डूहल भटवालां पंचायत में पंचायत चुनावों को लेकर मंगलवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाता भी पूरे जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंचे। चुनावों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया, जिसका सख्ती से पालन करवाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। डूहल भटवालां पंचायत में प्रधान पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि उपप्रधान पद के लिए छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पूरे दिन पंचायत में चुनावी माहौल बना रहा और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। अब मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।