ऊना जिला मुख्यालय में रविवार को आयोजित मेगा सुपर स्पेशलिटी मेडिकल कैंप ने स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से एक नई मिसाल कायम की। कैंप का शुभारंभ राष्ट्रीय संत बाल महाराज के कर कमलों से हुआ, जबकि विशेष आकर्षण के रूप में एम्स ऋषिकेश के अध्यक्ष और देश के प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राज बहादुर स्वयं उपस्थित रहे और मरीजों को परामर्श व उपचार प्रदान किया। यह कैंप सर्व कल्याणकारी संस्था और ऊना जनहित मोर्चा के संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ, जो पिछले एक दशक से समाज सेवा और मानवता के कल्याण के लिए कार्यरत हैं। इस आयोजन में पीजीआई चंडीगढ़ और गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज सेक्टर-32 चंडीगढ़ के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भी लोगों की जांच कर उन्हें उपचार दिया। इस अवसर पर भारी संख्या में लोग चिकित्सा परामर्श के लिए पहुंचे।