वीरवार को बड़ूही क्षेत्र में हुई बारिश के बाद आज किसानों ने सुबह से ही अपने खेतों का रुख कर लिया। बारिश के कारण खेतों में नमी की मात्रा पूरी हो जाने से किसान खाद का छिड़काव करने में जुटे नजर आए। लंबे समय बाद हुई इस बारिश को फसलों के लिए संजीवनी माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि बारिश से मिट्टी में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। बिना सिंचाई वाले क्षेत्रों में यह बारिश विशेष रूप से लाभकारी साबित हुई है। खेतों में काम करते हुए किसानों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही है। स्थानीय किसान सुनील कुमार, संदीप ठाकुर, निर्मल सिंह, आशी चौधरी, श्याम सुंदर, विपन हाकम गुरदीप संधू ने बताया कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो फसलों की स्थिति और मजबूत होगी। बारिश के बाद क्षेत्र में कृषि गतिविधियों में तेजी आई है और किसान समय पर खाद व अन्य जरूरी कार्य पूरे करने में लगे हुए हैं।