सिविल अस्पताल अंब में रोगी कल्याण समिति ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 31 लाख 86 हजार रुपये का बजट पारित किया। जो कि लगभग 40 हजार रुपये घाटे का बजट है। वीरवार को चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू की विशेष उपस्थिति में अंब अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष एसडीएम अंब सचिन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एसएमओ डॉ. राहुल कतना ने वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। जिसमें अस्पताल रोगियों और आम जनमानस को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के शुल्क में किसी भी तरह की कोई खास बढ़ोतरी नहीं की गई। इस बजट में सिर्फ डेंटल एक्सट्रैक्शन में चार्ज 40 से बढ़ा कर 50 रुपये और डेंटल आरसीटी का चार्ज 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया गया। इस मौके पर अस्पताल में आने वाले रोगियों के साथ आनेवाले तीमारदारों की सुविधा के लिए वेटिंग हॉल बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही विधायक ने इंडोर मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने गत बैठक के दौरान प्रस्तावित अधूरे कामों को भी छह महीने में पूरा करने को कहा। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने अस्पताल में खड़ी एम्बुलेंस के रिक्त चल रहे चालक के पद को भरने के निर्देश दिए और मांग पर अस्पताल को एक वाटर कूलर डोनेट करने को कहा। इस मौके पर बीएमओ डॉ. राजीव गर्ग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं स्टाफ सदस्य मौजूद थे।