अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए ऊना जिला के चताड़ा गांव के अरुण कुमार उर्फ लक्की का पार्थिव शरीर वीरवार सुबह पैतृक गांव पहुंचा। सेना ने पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर चंडीगढ़ लाने के बाद फूलों से सजी गाड़ी में पूरे सम्मान के साथ गांव पहुंचाया। गांव की सीमा में तिरंगे में लिपटा शव आते ही सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से माहौल गूंज उठा। गांव की गलियों से गुजरते हुए फूलों की वर्षा होती रही। घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक विवेक शर्मा और पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। हजारों लोगों की मौजूदगी में शहीद का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। रास्ते भर जब तक सूरज-चांद रहेगा, फौजी लक्की तेरा नाम रहेगा के नारे गूंजते रहे।