हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल में सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा टल गया। टकारला पंचायत के सादा दा चौ नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिवार नाले को पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और कार उसकी चपेट में आ गई। स्थिति बिगड़ती देख कार में सवार सभी लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही क्षणों में कार तेज बहाव के साथ बह गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में उफनते नालों और खड्डों को पार करने से बचने की अपील की है। प्रशासन भी लगातार लोगों को खराब मौसम के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नालों से दूर रहने की सलाह दे रहा है।