टकारला गांव में 1 जून से शुरू हो रही श्रीराम कथा के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का संचार कर दिया। यात्रा की शुरुआत टकारला से होकर बड़ूही पुल से होते हुए वापस टकारला तक बड़े धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। ट्रेक्टर ट्रॉली, गाड़ियों के साथ बैंड-बाजे और झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम की गाथा को जीवंत किया गया। स्थानीय धार्मिक संगठनों और ग्रामवासियों ने शोभायात्रा में विशेष सहयोग दिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान राम नाम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।