आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के दृष्टिगत जिला मुख्यालय ऊना में चुनावों से संबंधित जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर, असेंबली स्तरीय मास्टर ट्रेनर, सेक्टर मैजिस्ट्रेट, मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट टीम व व्यय निगरानी टीमों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए जिला प्रशासन ऊना की ओर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को चुनावी प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यशाला को गंभीरता से लें और इस दौरान अपनी सभी शंकाओं को स्पष्ट कर लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बार चुनावों में कुछ नए नियम व दिशा-निर्देश लागू होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एक सशक्त लोकतांत्रिक देश है तथा स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव इसकी उन्नति का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी ड्यूटी किसी भी व्यक्ति का देश व लोकतंत्र प्रति सर्वोच्च् एवं महत्वपूर्ण कर्तव्य है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति चुनावी ड्यूटी को संपूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ करे।