जिला की ऊना-होशियारपुर सड़क पर भदसाली पुल की टूटी रेलिंग हादसों को न्योता दे रही है। यह रेलिंग करीब एक साल पहले सड़क हादसे में टूटी थी। लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत को लेकर धरातल पर कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही। जर्जर हालत के इस पुल पर से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। इस मार्ग से होते हुए लोग होशियारपुर सहित पंजाब के विभिन्न इलाकों को आते और ऊना नंगल की और भी जाते हैं। धार्मिक मेलों के दौरान आवाजाही दोगुना हो जाती है। इसके बावजूद उक्त सड़क मार्ग पर स्थित महत्वपूर्ण पुल के लंबे समय से मरम्मत न किए जाना सवाल खड़े करता हैं। लोक निर्माण विभाग के एनएच विंग के एसडीओ राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुल की मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट आते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।