हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत बड़ूही बाजार में बीती रात्रि एक सड़क हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार एक टैक्सी गाड़ी व तेल से भरे टैंकर में तीखे मोड़ पर टक्कर हो गई। हादसे के दाैरान टैक्सी के दोनों एयरबैग खुल गए और गाड़ी के शीशे पूरी चकनाचूर हो गए। हादसे के वक्त टैक्सी में कुल नाै बच्चे सवार थे। टैक्सी चालक तेज सिंह ने बताया कि वह ऊना में बच्चों को खेल ट्रायल के लिए लेकर आया था और चंबा लौटते समय यह हादसा हुआ। वहीं तेल का टैंकर ऊना की ओर जा रहा था। गनीमत रही कि टक्कर के बाद टैंकर में आग नहीं भड़की, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह जब स्थानीय दुकानदार तिलक राज अपनी दुकान पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी उनकी दुकान के बाहर खड़ी थी और घटनास्थल पर कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचित किया, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। पुलिस चौकी जोल के इंचार्ज विनोद कुमार का कहना है की हादसे की सूचना मिलते ही टीम माैके पर गई। किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। टैक्सी और टैंकर के मालिकों का आपस में समझौता हो गया।