उपमंडल बंगाणा की पंचायत बेरियां के वार्ड नंबर-5, ठारू मोहल्ला में इन दिनों लोग पानी की भारी कमी से परेशान हैं। कई हफ्तों से इलाके में नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों को पीने, नहाने और पशुओं के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी रशीद खान ने बताया कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत हिमाचल जल शक्ति विभाग की हेल्पलाइन 1100 पर की, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। मोहल्ले में एकमात्र हैंडपंप भी काफी समय से खराब पड़ा है। कई बार प्रधान, उप प्रधान को शिकायत की है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पानी की कमी के चलते लोग पास की खड्ड (नदी-नाले) से पानी लाकर इस्तेमाल कर रहे हैं, जो साफ नहीं है। इससे डायरिया, बुखार और त्वचा रोगों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण राज कुमार ने बताया कि कभी कभी टैंकर से पानी मंगवाना पड़ता है। रोज-रोज टैंकर से भी नहीं मंगना सकते। 65 साल की ताज बीबी ने कहा कि पानी इतना कम है कि नहाना भी मुश्किल हो गया है। बर्तन और कपड़े धोने के लिए भी सोचना पड़ता है। बच्चों को बिना नहलाए स्कूल भेजना पड़ता है। स्थानीय महिला नजमा ने बताया कि गर्मी में बिना नहाए रहना पड़ता है। जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता रमेश कुमार का कहना है कि जल्द ही एक-दो दिन में आपूर्ति ठीक की जाएगी और पाइपलाइन डाली जाएगी।