अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में किया गया। जिसमें डीएसपी एवं अर्जुन अवॉर्डी अजय ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, ट्रैफिक नियमों, नशे से दूर रहने और पुलिस कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर कानून का सम्मान करेंगे तो जीना भी आसान हो जाएगा। कहा कि समाज में हर व्यक्ति को पुलिस की मदद करनी चाहिए और इसकी शुरुआत घर से की जाए तो वर्तमान में जो नशे की चंगुल में युवा फंस रहे हैं, वह नशे की कड़ी को तोड़ने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। कहा कि वर्तमान में साइबर क्राइम बढ़ता जा रहा है । लोग दोगुना पैसा कमाने के चक्कर में लालच में आकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा ना करें । साइबर क्राइम में सबसे ज्यादा विश्वासघात अपने विश्वासपात्र लोगों के हाथों से हो रहा है। अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ऑनलाइन शॉपिंग और ऑनलाइन क्लासेज लगाने के लिंक से आए दिन फ्रॉड के मामले आ रहे हैं। इसमें सबसे बड़ा दोष इंसान का खुद का है। कहा कि हर दिन थोड़ा ज्यादा काम करने और नया सीखने की सोच रखकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्कूल के वाइस प्रिंसिपल बलविंदर सिंह ने अमर उजाला फाउंडेशन के पुलिस की पाठशाला के कार्यक्रम की सराहना की और कहा किस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों का जहां एक ओर मनोबल बढ़ता है, वहीं दूसरी ओर जागरुकता भी आती है और बच्चों के सोच में भी बदलाव आता है। इस अवसर पर थ्रो बॉल संगठन के टेक्निकल अध्यक्ष यशवीर सिंह राणा सहित स्कूल का गणमान्य स्टाफ मौजूद रहा।