शिवालिक हिल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंब में शुक्रवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। अमर उजाला फांउडेशन के तत्वाधान में आयोजित कार्यकम में अंब के थाना प्रभारी गौरव भारद्वाज मुख्य वक्ता रहे। जिन्होंने बच्चों को समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस की भूमिका और उसके प्रति समाज के योगदान पर जागरूक किया। इसके साथ साथ उन्होंने बच्चों को विभिन्न कानूनों बारे विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पुलिस समाज में सुरक्षा की भावना को पैदा करती है। उन्होंने कहा कि समाज में अपराध करने वालों के साथ पुलिस कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यवाही करती है। पुलिस का काम संविधान की तरफ से लोगों को मिले अधिकारों की रक्षा करना और लोगों के अधिकारों की सुरक्षा करना है। जिसके लिए उन्हें कानून की तरफ से नियुक्त किया गया है। उन्होंने बच्चों को साईबर क्राईम, नशों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों बारे जानकारी देते हुए कहा कि बच्चे हमेशा नशे की शुरुआत करने से अपना बचाव करें। क्योंकि इसके सेवक की शुरुआत होने के बाद यह व्यक्ति को इसकी लत का गुलाम बना लेती है। इसके लिए यह आवश्यक है कि हम शारीरिक रूप से स्वस्थ होने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत हों। उन्होंने कहा कि बच्चे अकेले रहने की प्रवृति से बचें। इसके बजाय वह सामूहिक रूप से समय बिताएं और अच्छे विषय पर सार्थक बातचीत करें। जिससे उनका बेहतर मानसिक विकास हो सके। उन्होंने कहा कि मोबाईल और इंटरनेट आज सबकी प्राथमिक आवश्यकता है। लेकिन यह निर्भर करता है कि हम मोबाईल का इस्तेमाल किस रूप में करते हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का इस्तेमाल मनोरंजन के लिए ना करके ज्ञान अर्जित करने के लिए किया जाए। तो यह हमारी जानकारी को बढ़ाते हैं। नशे के विषय पर उन्होंने कहा कि केवल नशा बेचने वालों को पकड़ लेने से ही यह समस्या पूरी तरह से समाप्त नहीं हो सकती है। इसलिए यह आवश्यक है कि हम नशों की शुरुआत करने से बचें। अगर हम यह सोच लेते हैं तो आपको कोई जबरदस्ती नशा नहीं करवा सकता है। उन्होंने महिला और बालिका सुरक्षा पर 112 नंबर बारे जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनपेक्षित स्थिति और खतरे के समय में महिलाएं इस नंबर पर काॅल कर सकती हैं। इस नंबर पर काॅल आते ही सिस्टम उस फोन की लोकेशन को तुरंत ट्रैक करना शुरू कर देता है। उन्होंने बच्चों का आह्वान किया कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा, आसपास लड़ाई झगड़े , नशा बेचने वालों की जानकारी पुलिस को देकर कानून की सहायता करें और स्वंय भी कानून का पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक बनें। कार्यक्रम के लिए स्कूल पहुंचने पर संस्थान के एमडी अनिल डडवाल और प्रधानाचार्य सुषमा डडवाल ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और र्काक्रम को बच्चों के लिए उपयोगी बताते हुए उनका आभार प्रकट किया।