अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दियाडा में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें पद्मश्री और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित डीएसपी मुख्यालय अजय ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रिंसिपल सुशील ठाकुर ने की। इस अवसर पर डीएसपी अजय ठाकुर ने विद्यार्थियों को मोटिवेट करने वाला दोस्त बनाने के लिए प्रेरित किया ताकि उससे प्रेरणा पाकर आप अपनी जिंदगी के लक्ष्य को साध सके। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने, ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया और कहा कि पुलिस का समाज के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार होता है। जो अपराध श्रेणी के लोग होते हैं, वही पुलिस से डरते हैं। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल सुशील ठाकुर ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि समाज में बदलाव के लिए इस तरह के कार्यक्रम कारगर सिद्ध होंगे।