बड़सर से भ्यांबी मार्ग पर डरोह गांव के समीप एक चीड़ का विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। इस दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस भी मार्ग में फंसी रही। बस के चालक देसराज और परिचालक रवि ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कट्टर (आरी) मंगवाकर पेड़ को हटवाने की व्यवस्था की। दोनों कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ के चलते मार्ग को शीघ्र ही साफ किया गया और यातायात बहाल हो पाया। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य में सहयोग दिया। स्थानीय जनता ने चालक देसराज और परिचालक रवि की जिम्मेदारीपूर्ण पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यह कदम न उठाया गया होता, तो लंबा जाम लग सकता था और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।