प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को भक्तों की बेहद ज्यादा भीड़ मां के दरबार में देखने को मिली। संक्रांति का दिन होने के कारण रविवार तड़के 3:30 बजे ही मंदिर खुलने के साथ माता रानी के दर्शनों के लिए भक्तों की आवाजाही मां के दरबार में शुरू हो गई थी। सुबह सवेरे दर्शनों के लिए लगी श्रदालुओं की लाइनें शाम चार बजे के बाद भी पुराने बस स्टैंड से आगे तक लगी रही। खिली हुई धूप में माता रानी के भक्त बड़ी श्रद्धा के साथ दर्शनों के लिए इंतजार करते रहे। वहीं, मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाने में मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की भूमिका बेहद अच्छी रही. मंदिर गर्भ गृह के पास तैनात पूर्व सैनिक व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाते हुए दिखे. श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शनों के लिए आधे से एक घंटे का समय लग रहा था। रविवार को संक्रांति का दिन होने के कारण सारा दिन मां के दरबार में भक्तों की रौनक लगी रही।