करवा चौथ के पवित्र अवसर पर शुक्रवार को चिंतपूर्णी माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का खास माहौल देखने को मिला। सुबह से ही सोलह श्रृंगार में सजी सुहागिनें माता रानी के दरबार में पहुंचीं और विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने सुहाग की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। माता रानी के जयकारों से मंदिर प्रांगण गूंज उठा। स्थानीय महिलाओं के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु चिंतपूर्णी पहुंचे। महिलाओं ने मां के चरणों में दीप जलाए, श्रृंगार सामग्री और मिठाई अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए। दिनभर भजन-कीर्तन और आरती के स्वर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं का कहना था कि करवा चौथ का व्रत माता चिंतपूर्णी के आशीर्वाद से ही पूर्ण होता है, इसलिए हर वर्ष वे माता के दरबार में हाजिरी लगाना नहीं भूलते।