ऊना जिला के टाहलीवाल स्थित क्रिमिका उद्योग में कार्यरत कर्मचारियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा, जब प्रबंधन द्वारा उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों में ट्रांसफर किए जाने के आदेश जारी किए गए। इस फैसले से नाराज सैकड़ों कामगार विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे और नगर निगम पार्क में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने उद्योग प्रबंधन पर रोजगार छीनने और वर्षों से मेहनत कर रहे स्थायी कामगारों को बाहर का रास्ता दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन धीरे-धीरे स्थानीय रोजगार खत्म करने की साजिश रच रहा है। कामगारों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उद्योग को यथावत जारी रखने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आने वाले दिनों में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।