जिला ऊना उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक स्कूल चडोली में बीती रात शरारती तत्वों की ओर से स्कूल भवन की चाहर दिवारी, खिड़कियों की जालियों, विधार्थियों के लिए पढ़ाई-लिखाई के लिए लगाए गए चार्ट सहित अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा दिया है। स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष धर्म पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्कूल स्टाफ को दे दी गई है। वहीं पर इन शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। स्कूल के मुख्याध्यापक राकेश सिंह का कहना है कि इसकी पुलिस थाना बंगाणा में प्राथमिक दर्ज करवा दी गई है। साथ ही शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों तक भी इसकी जानकारी दे दी गई है। वहीं पर पुलिस थाना प्रभारी रोहित चौधरी का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आया है। जांच जारी है, जो भी दोषी पाए गए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।