ऊना जिले के थाना बंगाणा के तहत तल्प जंगल में अवैध कटान का मामला उजागर हुआ है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जंगल से करीब सवा चार लाख रुपये की अवैध लकड़ी बरामद की गई। यह कार्रवाई वन रक्षक तरसेम कुमार की शिकायत पर की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने शक्ति चंद और उसके बेटे नीरज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि तल्प जंगल में खैर और जापानी तूत के पेड़ काटे जा रहे हैं। विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पाया गया कि कई खैर के पेड़ जड़ों सहित उखाड़ दिए गए थे। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन झाड़ियों में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में लकड़ी बरामद हुई। पुलिस ने पिता-पुत्र की भट्ठी तक इस लकड़ी का कनेक्शन पाया। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है।