उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को ऊना जिले के हरोली में नवनिर्मित ई-बस डिपो का शुभारंभ किया। उद्घाटन के साथ ही यह डिपो औपचारिक रूप से संचालन के लिए शुरू हो गया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह डिपो प्रदेश में इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव, चार्जिंग, पार्किंग और तकनीकी संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को ई-बसों के संचालन और रखरखाव में बेहतर सुविधा मिलेगी और सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरोली में स्थापित यह ई-बस डिपो भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है और इससे इलेक्ट्रिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है।