राजकीय महाविद्यालय ऊना की रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई द्वारा शनिवार को बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस (World Scout Scarf Day) और इन्वेस्टिचर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 48 रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ। इस अवसर पर रोवर स्काउट लीडर डॉ. शाम सिंह बैन्स ने विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस स्काउटिंग की एकता, सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और विश्व बंधुत्व का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह दिवस स्काउट एवं गाइड आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड रॉबर्ट बैडेन-पॉवेल के आदर्शों को स्मरण करने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्काउट स्कार्फ केवल वर्दी का हिस्सा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इसके बाद नवप्रवेशी रोवर्स एवं रेंजर्स का विधिवत इन्वेस्टिचर समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें स्काउट एवं गाइड की प्रतिज्ञा दिलाकर स्काउट स्कार्फ धारण कराया गया। समारोह के बाद प्रतिभागियों ने बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा का संदेश दिया। महाविद्यालय की प्राचार्या एवं ग्रुप लीडर डॉ. मीता शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन रोवर स्काउट लीडर डॉ. शाम सिंह बैन्स और रेंजर लीडर डॉ. श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।