भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर ने हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के बाद वीरेंद्र कंवर ने स्पष्ट किया कि कुटलैहड़ की जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी रुके हुए कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। कंवर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय बंगाणा का भवन निर्माण करीब 80 फीसदी पूरा हो चुका है, लेकिन अंतिम चरण के कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं, जिससे विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में बनाए जा रहे इनडोर स्टेडियम का कार्य भी लगभग 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। कहा कि अनुराग ठाकुर ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और शीघ्र संबंधित विभागों से बात कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।