हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में 15 अप्रैल को जिला स्तरीय समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय, ऊना के प्रांगण में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने बताया कि 15 अप्रैल को मुख्यातिथि पूर्वाह्न 10.40 बजे एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण करेंगे। इसके उपरांत 11 बजे विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड निरीक्षण और मार्च पास्ट की सलामी लेने के उपरांत जिलावासियों को संबोधित करेंगे।उन्होंने बताया कि परेड में पुलिस, होम गार्ड्स, एससीसी, एनएसएस, तथा स्काउट एवं गाइड्स के दल भाग लेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक दलों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की छटा और देशभक्ति की भावना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।