कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष देशराज गौतम ने मनरेगा योजना के नाम और उसके स्वरूप में बदलाव को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा देश की गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता के लिए जीवनरेखा है और इसके साथ किसी भी प्रकार का छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देशराज गौतम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि मनरेगा का नाम बदलने या उसके मूल स्वरूप को कमजोर करने की कोशिश की गई तो कांग्रेस पार्टी इसे जनता के अधिकारों पर सीधा हमला मानेगी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी और मजदूरों तथा ग्रामीणों के हितों की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने बताया कि मनरेगा के माध्यम से करोड़ों मजदूरों को रोजगार, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा मिली है। ऐसे में इस योजना को कमजोर करना गरीब विरोधी नीति को दर्शाता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांवों में चौपालें लगाएंगे, मजदूरों से संवाद करेंगे और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।