हिमाचल प्रदेश वन विभाग परिक्षेत्र अधिकारी कल्याण संघ (रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर्ज वेलफेयर एसोसिएशन) के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला स्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक समीर रस्तोगी से भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुश आनंद ने किया। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर्स के सेवाकाल में आ रही समस्याओं, पदोन्नति में असमानता, तथा गैर राजपत्रित श्रेणी में डाले जाने से उत्पन्न हो रही निराशा पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार की नीतियों में हुए बदलावों ने रेंज अधिकारियों के मनोबल और कार्यक्षमता को प्रभावित किया है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक से निवेदन किया कि रेंज अधिकारियों को पुन राजपत्रित अधिकारी का दर्जा दिया जाए और वेतनमान तथा पद श्रेणी में सुधार किया जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुश आनंद ने कहा कि रस्तोगी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस विषय को उचित स्तर पर उठाएंगे।