उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत टकारला में श्रीराम कथा का शुभारंभ बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के माहौल में हुआ। कथा के प्रारंभ पर कथा वाचक आचार्य निखिल महाराज के टकारला पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कथा आयोजक वेदप्रकाश शर्मा ने अपने परिवार सहित स्थानीय ग्रामीणों के साथ आचार्य का स्वागत फूलों के हार पहनाकर और पुष्प वर्षा कर किया। कथा आरंभ से पहले आचार्य ने टकारला स्थित प्राचीन बाबा भरथड़ी मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद बाबा भरथड़ी मंदिर से लेकर कथा स्थल तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। यात्रा के दौरान जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर निर्मल सिंह ठाकुर, सुभाष लठ, पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष नरेंद्र लठ, विजय ठाकुर, किशोर ठाकुर, उद्योगपति राजकुमार शर्मा, योगेश शर्मा सहित अन्य प्रतिष्ठित लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सचिव मलकियत सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की।