उपमंडल अंब के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेहड़ जसवां ऊना में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक कला के माध्यम से यातायात नियमों, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व, पैदल यात्रियों की सुरक्षा व सुरक्षित ड्राइविंग जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की ओर से बनाई गई पेंटिंग्स यह दर्शाती नजर आईं कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि यह जीवन रक्षा से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। बच्चों की कलाकृतियों में जागरूकता, जिम्मेदारी और सामाजिक संदेश स्पष्ट रूप से झलकता रहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्रतियोगिता के समापन पर श्रेष्ठ चित्रों का चयन किया गया तथा विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।