उपमंडल बंगाणा के डूमखर क्षेत्र में 5.54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ होने वाला है। क्षेत्रीय विधायक विवेक शर्मा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निरीक्षण किया और इसे क्षेत्र के विकास और सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का शिलान्यास हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा जल्द ही किया जाएगा। विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता को आपदा के समय सुविधा देने के लिए मध्य में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आशीर्वाद से 5,54 करोड़ की लागत से बनने वाले अग्निशमन केंद्र में हर सुविधा उपलब्ध होगी और अग्निशमन केंद्र की गाड़ियों के लिए पानी की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। बंगाणा के डूमखर में बनने वाला यह अग्निशमन केंद्र न केवल उपमंडल बंगाणा के लोगों के लिए सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि यह आपदा प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी प्रभावी ढंग से हल करेगा। विधायक विवेक शर्मा ने इस केंद्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र में होने वाली आगजनी की घटनाओं और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। उन्होंने कहा डूमखर जैसे क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र की स्थापना यहां की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी।