विधानसभा क्षेत्र जसवां प्रागपुर की समनोली पंचायत में लोकतंत्र के महापर्व के दौरान एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। पंचायत के निवासी एवं एडवोकेट रवि पराशर के 22 वर्षीय पुत्र प्रद्युम्न पराशर ने अपने जीवन का पहला वोट डालकर युवाओं को जागरूकता का संदेश दिया। प्रद्युम्न हाल ही में कनाडा से पढ़ाई पूरी कर अपने वतन लौटे हैं। विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद उन्होंने अपनी मिट्टी और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए पंचायत चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पहली बार मतदान करने के बाद प्रद्युम्न ने गर्व के साथ अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाते हुए कहा कि कनाडा से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई पूरी की है और अपनी पंचायत समनोली में पहली बार वोट डाला है। मतदान करके मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने सभी युवा साथियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। पिता एडवोकेट रवि पराशर और ग्रामीणों ने प्रद्युम्न पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।