बद्दी के गैस प्लांट के समीप कुछ डाइंग उद्योगों ने बारिश के आड़ में पानी गंदे पानी की नाली में छोड़ दिया। रसायनयुक्त पानी लोगों के खेतों से होता हुआ सरसा खड्ड में मिल रहा है। इससे खड्ड का पानी प्रदूषित हो रहा है। इस खड्ड में कई सिंचाई योजनाएं चल रही हैं। यही प्रदूषित पानी लोगों के खेतों में जा रहा है। इससे फसलें खराब हो रही हैं। लोगों ने गैस प्लांट के पास रंगीन पानी आने की सूचना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और वहां पर सभी डाइंग कंपनी का निरीक्षण किया। प्रदूषण बोर्ड की टीम ने इस पानी का सैंपल लिया है और संबंधित कंपनी को नोटिस देने की तैयारी चल रही है। उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अभियंता प्रवीण गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और वहां पर दूषित पानी के सैंपल भरे गए। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।