सोलन शहर के साथ लगते चंबाघाट-सलूमणा सड़क पर बसाल में एचआरटीसी की चलती बस के टायर खुल गए। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। बस सवारियों से भरी हुई थी। गनीमत रही कि बस के टायर सीधी सड़क पर खुले, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह सड़क काफी तंग है और इसमें गहरी खाई भी है। टायर खुलने के बाद बस बीच सड़क पर खड़ी हो गई। वहीं इस बस में आवाजाही करने वाले स्कूली बच्चों व नौकरीपेशा लोगों को सोलन पहुंचने के लिए अब करीब 30 किलोमीटर वाया कंडाघाट आना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी हैं, जिन्हें कई किलोमीटर पैदल आना पड़ा।