भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोलन शहर के वार्ड संख्या 10 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को सुनने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बूथ संख्या 90 पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बूथ अध्यक्ष रूसी आहलूवालिया ने की। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। इस दौरान सामाजिक मुद्दों, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रधानमंत्री के विचारों पर चर्चा भी की गई। कार्यक्रम का आयोजन कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भी विशेष रहा। देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। बूथ अध्यक्ष रूसी आहलूवालिया और बूथ पालक जितेंद्र बत्ता ने सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर कुंदन सिंह और सिपाही सोम दत्त शर्मा को हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सर्वोच्च है और उनके त्याग व समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।