सोलन पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन इकाई की मासिक बैठक बुधवार को होटल पैरागॉन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने की। इसमें पेंशनरों की लंबित देय राशि, मेडिकल बिलों के भुगतान और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन से नए पेंशनरों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान पर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मामलों का समयबद्ध समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक में सरकार से मांग की गई कि पेंशनरों की लंबित देय राशि और मेडिकल बिलों का भुगतान जल्द किया जाए। इसके अलावा पेंशनरों की अन्य लंबित मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की अपील की गई। बैठक में मौजूद सदस्यों ने पेंशनरों के हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प भी लिया।