सोलन जिले में देर रात हुई भारी बारिश के बीच शहर के मालरोड स्थित छात्रा स्कूल के पास एक पुराना पेड़ गिर गया। राहत की बात यह रही कि पेड़ सड़क के बीच नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि पेड़ सीधे मालरोड पर गिरता तो राहगीरों और वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पेड़ लंबे समय से यहां मौजूद था और इसकी जड़ें आसपास के घरों तक फैल चुकी थीं। लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर होने से देर रात पेड़ अचानक गिर गया। बारिश के कारण जिले के कुछ अन्य हिस्सों में भी सड़कें प्रभावित हुई हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कहीं से भी किसी तरह के जान-माल के बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।