सोलन जिले के कसौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटबेजा के गुनाई बस स्टेशन पर खड़ी हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब चालक बस को निर्धारित रूट पर ले जाने के लिए पहुंचा और बस स्टार्ट नहीं हुई। जांच करने पर बैटरी गायब मिली। जानकारी के अनुसार, बस प्रतिदिन गुनाई-नालागढ़ रूट पर संचालित होती है। बुधवार शाम रूट पूरा करने के बाद चालक और परिचालक ने बस को स्टेशन पर पार्क किया था। रात के समय अज्ञात चोर बस की बैटरी निकालकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एचआरटीसी अधिकारियों ने कसौली पुलिस को शिकायत दे दी। थाना कसौली पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है तथा पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। एचआरटीसी नालागढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) श्री अखिल अग्निहोत्री ने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सभी अपना सहयोग दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एचआरटीसी प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी जनता की संपत्ति है, जिसका संचालन और रखरखाव जनता के टैक्स से होता है। ऐसी चोरी की घटनाओं का सीधा नुकसान आम लोगों और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को ही उठाना पड़ता है। बैटरी चोरी होने के कारण सुबह बस सेवा प्रभावित रही, जिससे नालागढ़ और बद्दी जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। पंचायत प्रधान अजय सिंह कंवर, उपप्रधान सुखराम तथा स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए गुनाई में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।