जिला के सुबाथू में आयोजित जिला स्तरीय श्री गुग्गा माड़ी मेले का समापन हो गया। इस अवसर पर जोगिंद्रा सेंट्रल को-आपरेटिव बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने मेले की धार्मिक महत्ता और सांस्कृतिक गौरव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री गुग्गा माड़ी मेला पौराणिक श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत संगम है। ऐसे मेलों से न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण मिलता है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द्र की भावना भी मजबूत होती है। सुबाथू के ऐतिहासिक मैदान में आयोजित इस मेले में परंपराओं, संस्कृति, और सामुदायिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, और स्थानीय व्यंजनों ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनेश धीर, कसौली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।