सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर धर्मपुर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह करीब छह बजे से ही भक्त पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचने लगे और शिवलिंग पर जल, दूध, दही, बेलपत्र, चंदन और फल अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूजा-अर्चना में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भगवान भोलेनाथ की आराधना की। मंदिर के पुजारी त्रिभुवन पांडे ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की उपासना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस दौरान प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवलिंग पर बेलपत्र, चंदन, दूध और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का नियमित जाप करने का भी आग्रह किया।