आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कसौली और धर्मपुर भाजपा मंडल की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा सुक्की जोहड़ी से शुरू होकर धर्मपुर तक पहुंची। इसका नेतृत्व प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल और भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नपाल ने किया। तिरंगा यात्रा का रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ता वाहनों और बाइक पर तिरंगा लगाकर यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दिया। प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने हिमाचल प्रदेश और कसौली क्षेत्र की जनता को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के उन वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके संघर्ष और त्याग से देश को आजादी मिली। आज देश का प्रत्येक नागरिक उन वीरों के बलिदान को नमन करता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर नागरिक को राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।