हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और प्रदेश के निर्माता डॉ. वाईएस परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को सिरमौर कल्याण मंच, सोलन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहर के चिल्ड्रन पार्क स्थित डॉ. परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जहां उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने डॉ. वाईएस परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रदेश निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने हिमाचल प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी और उनका दूरदर्शी नेतृत्व आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। महापौर सुषमा शर्मा ने उपस्थित लोगों से डॉ. परमार के आदर्शों और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और प्रदेश के विकास के लिए उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सिरमौर कल्याण मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी डॉ. परमार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास और पहचान को मजबूत बनाने में डॉ. परमार की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मंच के सदस्यों, स्थानीय गणमान्य लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। आयोजन में प्रदेश के विकास, सामाजिक समरसता और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।